म्योरपुर। विकास खंड के बभनडीहा ग्राम पंचायत में लेखपाल की ओर से अपनी ही पत्नी के नाम से सरकारी भूमि का पट्टा करने का मामला प्रकाश में आया है। 26 साल पुराने मामले में केस दर्ज होने के बाद ग्रामीणों ने भी कमिश्नर से शिकायत कर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। कांचन गांव में 26 साल पूर्व हुई गड़बड़ी की वजह से हुए पट्टे के बाद चार राजस्व कर्मियों पर मुकदमा दर्ज होने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ है कि अब धांधली का नया मामला सामने आया है। बभनडीहा गांव के बिगन, समयलाल व श्यामलाल आदि ने विंध्याचल मंडल आयुक्त को शिकायती पत्र देकर गांव के लेखपाल पर अपनी ही पत्नी के नाम गलत तरीके से पट्टा करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है, जबकि तत्कालीन समय में उस भूमि पर उनका कब्जा था। पट्टे के बाद लेखपाल ने पत्नी के नाम से जमीन को बिक्री भी कर दिया। एसडीएम रमेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।