सदर तहसील में चल रहा वकीलों का धरना तीसरे दिन गुरुवार को सदर एसडीएम हर्षदेव पांडेय के आश्वासन पर समाप्त हो गया। वकीलों ने राज्यपाल को संबोधित मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा और न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराए जाने की मांग उठाई।
बता दें कि राबर्ट्सगंज कचहरी गेट के सामने सरकारी भूमि पर हो रहे निर्माण पर रोक लगाए जाने के लिए अधिवक्ता पूनम सिंह ने सिविल जज सीनियर डिविजन की अदालत में वाद दाखिल किया था। जिस पर न्यायालय ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश पारित किया। बावजूद इसके निर्माण कार्य होता रहा तब न्यायालय में अवमानना का वाद भी दाखिल किया गया, फिर भी निर्माण नहीं रुका। जिला प्रशासन, तहसील प्रशासन और पुलिस प्रशासन से वकीलों ने निर्माण कार्य पर रोक लगाए जाने की मांग की, लेकिन निर्माण नहीं रोका गया। एक सितंबर से अधिवक्ता पूनम सिंह और अशोक तिवारी एडवोकेट सदर तहसील के बरामदे में धरना पर बैठ गए। बुधवार को इसका समर्थन सोनभद्र बार एसोसिएशन अध्यक्ष ओम प्रकाश पाठक और महामंत्री अंशुमान सिंह ने भी किया। गुरुवार को दोपहर बाद सवा एक बजे सदर एसडीएम हर्षदेव पांडेय धरना स्थल पर आए और वकीलों की ओर से दिए गए ज्ञापन को लेकर न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद वकीलों ने धरना समाप्ति की घोषणा कर दी। इस मौके पर अधिवक्ता अशोक तिवारी, पूनम सिंह, आत्म प्रकाश त्रिपाठी, विजय प्रकाश पांडेय, वीरेंद्र, महेंद्र, दिलीप सिंह, अमरनाथ आदि मौजूद रहे।