घोरावल रोड स्थित एक सभागार में उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन लखनऊ की कार्यकारिणी का द्वितीय अधिवेशन दी सोनभद्र टैक्स बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित किया गया। इसमें राज्य इकाई में मनोनीत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। वकीलों की समस्याओं और समाधान पर चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार त्रिपाठी, कर अधिवक्ता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष गुफरान माजिद, केपी चतुर्वेदी, महामंत्री जगदीश कपूर, विश्वनाथ मिश्रा, कपिल पाठक, अमित कुमार गर्ग संजय कुमार सिंघल ने अधिवेशन का शुभारंभ किया। अशोक कुमार श्रीवास्तव तथा राकेश शरण मिश्रा ने अधिवक्ताओं का स्वागत किया।
शपथ के बाद विभिन्न जिलों से आए अधिवक्ता संगठनों का उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन से संबद्धता का निस्तारण कर प्रमाणपत्र वितरित किया गया। आयकर की धारा तथा जीएसटी के संदर्भ में चर्चा हुई। वकीलों की दिक्कतों पर चर्चा की गई।
प्रांतीय अध्यक्ष हर्ष शर्मा ने कहा कि बार काउंसिल ऑफ आंध्र प्रदेश द्वारा पारित प्रस्ताव जिसके द्वारा चार्टर्ड एकाउंटेंट एवं अन्य अधिकृत प्रतिनिधियों द्वारा ट्रिब्यूनल एवं अन्य टैक्स कोर्ट में बहस करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इसका अनुपालन यूपी बार काउंसिल द्वारा सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने समस्त कर अधिवक्ताओं से अपील की कि वे ड्रेस कोड का अनुपालन करें।
द्वितीय सत्र में सोनभद्र में टैक्स बार के संस्थापक स्व. विजय कुमार खंडेलवाल की प्रतिमा का अनावरण किया गया। दी सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश शरण मिश्रा एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक कुमार श्रीवास्तव ने धन्यवाद दिया। महामंत्री राम प्रसाद यादव ने आभार जताया।