बीना में आंगनबाड़ी केंद्र स्थल का निरीक्षण करते डीपीओ व अन्य अधिकारी।
- फोटो : SONBHADRA
अनपरा। विभिन्न ग्राम पंचायतों में एनसीएल सीएसआर की ओर से बनाए जा रहे 27 आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए शनिवार को जिला प्रोग्राम अधिकारी और प्रभारी सीडीपीओ ने एनसीएल के अधिकारियों के साथ केंद्र स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान 16 आंगनबाड़ी केंद्रों के जमीन विवाद के मामलों में से नौ का समाधान कराया जबकि जमीन विवाद के सात मामलों में कार्रवाई की संस्तुति जिलाधिकारी से की गईै।
जिला प्रोग्राम अधिकारी अजीत सिंह और प्रभारी सीडीपीओ म्योरपुर सरोज ने एनसीएल के अधिकारियों के साथ रेहटा, ककरी, बासी, जमशिला, चन्दुआर, घरसड़ी कोहरौल, मिसिरा, खड़िया, चिल्काडॉड़ आदि गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र स्थलो व नव निर्मित भवनों का निरीक्षण किया। प्रोग्राम अधिकारी ने बताया कि एनसीएल सीएसआर की ओर से 27 आंगनबाड़ी केन्द्र भवन का निर्माण कार्य शुरू कराया गया लेकिन कोहरौल, बीना, घरसड़ी में जमीन संबंध विवाद के कारण कार्य प्रभावित हो रहा था। शनिवार को एनसीएल अधिकारियों की उपस्थिति में बाधा पैदा करने वाले ग्रामीणों से वार्ता कर जमीन संबंधी समस्याएं दूर कराईं। उन्होंने बताया कि जो भी केन्द्र बन रहे हैं वे एनसीएल की जमीन पर बन रहे हैं। ऐसे में जो लोग अवैध अतिक्रमण कर जमीन को घेर कर बाधा पैदा कर रहे थे उनसे जमीन के कागजात प्रस्तुत करने के लिए कहा गया लेकिन वे कागजात नहीं दिखा सके। अवरोध पैदा करने वालों को चेतावनी दी गई। सीडीपीओ प्रभारी सरोज ने बताया कि 10 आंगनबाड़ी केन्द्र भवन डोर लेबल तक तैयार हो गये हैं जबकि एक आंगनबाड़ी केन्द्र भवन पहले से तैयार शेष 16 में अवरोध था जिसे काफी हद तक दूर कर लिया गया। कोहरौल ग्राम सभा में जमीन नहीं मिलने के कारण वहां के केन्द्र को अन्य ग्राम सभा में स्थानांतरित करने के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है।