वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर करगरा मोड़ के पास रविवार की शाम सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। सड़क पार करने के दौरान बेकाबू हाइवा ने उसे कुचल दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चोपन थाना क्षेत्र के गुरदह गांव निवासी राजेश (31) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार की शाम वह पैदल ही मारकुंडी के करगरा मोड़ पर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति में आ रही हाइवा ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची गुरमा चौकी पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी विमलेश कुमार सिंह ने बताया कि जेब से मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान हुई। सूचना उसके परिवार वालों को दी गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।