जिले के रूप में सोनभद्र के 35 साल पूरे हाेने पर सोमवार को विभिन्न संगठनों ने इसका जश्न मनाया। अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में केक काटा तो शहीद स्थल पर रचनाकारों ने महफिल सजाई। कविता, शायरी और गीतों के माध्यम से जिले के सृजन से लेकर अब तक के सफर को जीवंत बनाया।
पूर्वांचल राज्य जनमोर्चा और भारतीय विधिक सहायता एसोसिएशन के संयोजन में सदर तहसील परिसर के अधिवक्ता भवन में हुए कार्यक्रम में वक्ताओं ने सोनभद्र में एम्स और केंद्रीय विवि के स्थापना की की मांग उठाई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप जायसवाल की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिवक्ता मुरलीधर शुक्ल व डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ अतुल प्रताप पटेल ने केक काटा। पूर्वांचल राज्य जनमोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि तीन दशक बाद भी यहां का अपेक्षित विकास नहीं हो सका।
स्थापना दिवस के अवसर पर मांग किया कि यहां एम्स जैसे एक उच्च स्तरीय स्वास्थ्य संस्थान एवं केंद्रीय विवि बने। नए कल कारखाने लगाए जाएं, जिससे स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार मिल सके।
इस मौके पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री विमल प्रताप सिंह, अशोक कनौजिया, राजेश यादव, सुधेंदू भूषण शुक्ल, शारदा प्रसाद मौर्या, रमेश चंद्र सिंह, मनीष सिन्हा, अनूप शुक्ल, नवीन पांडेय, संतोष चतुर्वेदी, दीपनारायण पटेल आदि मौजूद रहे।
उधर, स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के कार्यालय में विचार गोष्ठी हुई। अध्यक्षता कर रहे दीपक कुमार केसरवानी ने कहा कि आदिकाल से आधुनिक काल तक विशिष्ट संस्कृति सोनभद्र में कायम रही है।
सोनभद्र विश्व का एकमात्र ऐसा जनपद है जहां पर 130 किलोमीटर के क्षेत्रफल में भूतात्विक, पुरातात्विक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक स्थल सहित आदिवासी संस्कृति विराजती है। मुख्य अतिथि जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष रतनलाल गर्ग ने कहा कि जिले की स्थापना में अधिवक्ताओं, पत्रकारों, व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों का योगदान रहा है।
इसके लिए यहां के निवासियों को तत्कालीन शासन-प्रशासन से कड़ा मुकाबला करना पड़ा था। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष प्रमोद कुमार गुप्ता, हिदायतुल्ला खान, मनीष खंडेलवाल, नरेंद्र गर्ग, संतोष सिंह, विमल अग्रवाल, विमल जालान, चंदन केसरी, रामेश्वर अग्रवाल आदि रहे। संचालन मनोज जालान किया। इस अवसर पर समाजसेवी सहित अन्य गणमान्य नागरिक, व्यापारी नेता उपस्थित रहे।