बैंकों को 15 दिन के अंदर जारी करना होगा किसानों का क्रेडिट कार्ड
क्रेडिट कार्ड की वित्तीय सीमा बढ़ाने के लिए किसान कर सकते हैं आवेदन
पोर्टल पर ऑनलाइन मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनभद्र। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों को अपने क्रेडिट कार्ड की वित्तीय सीमा बढ़ाने के लिए शासन ने सुविधा दी है। किसान इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही पोर्टल पर ऑनलाइन मोबाइल नंबर भी अपडेट करा सकते हैं। बैंक शाखाओं को ऑनलाइन आवेदन पहुंचने पर किसानों का क्रेडिट कार्ड 15 दिन के अंदर जारी करना होगा। ऐसा न करने पर उन्हें इसका कारण भी स्पष्ट करना होगा।
उप कृषि निदेशक डीके गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थी किसान जिनका किसान क्रेडिट कार्ड अभी तक नही बन पाया है उनके लिए शासन द्वारा केसीसी कार्ड बनाने के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए कृषकों को कृषि विभाग के पारदर्शी किसान सेवा पोर्टल के मुख्य पृष्ठ पर किसान क्रेडिट कार्ड हेतु आवेदन लिंक उपलब्ध है। इस पर क्लिक करके किसान पीएम किसान की अपनी आईडी अथवा आधार संख्या फीड करते हुए किसान क्रेडिट कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पूर्व में किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध होने पर पशु पालक या मत्स्य पालक होने पर किसान क्रेडिट कार्ड की वित्तीय सीमा बढ़ाने के लिए आवेदन कर सकता है।
नए आवेदन के लिए पारदर्शी किसान सेवा पोर्टल पर ड्राप डाउन में अपने जिले का नाम चुनने के बाद अपनी आधार संख्या या पीएम किसान पंजीकरण संख्या अंकित कर क्लिक करना होगा। ऐसा करने से किसान क्रेडिट कार्ड के लिए निर्धारित आवेदन पत्र पर किसान की पीएम-किसान योजना में उपलब्ध संपूर्ण सूचना, बैंक खाता तथा भूमि के विवरण सहित प्रदर्शित हो जायेगा। किसान को खसरे के अनुसार बोई गई फसलों का विवरण फीड करना होगा, फिर अपना पासपोर्ट साइज फोटो की साफ्ट कापी कंप्यूटर के जरिए ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। किसान का संपूर्ण विवरण फोटो सहित पोर्टल पर सुरक्षित करने के लिए किसान के पंजीकृत मोबाईल पर ओटीपी भेजा जायेगा। ओटीपी फीड कर सुरक्षित करते ही डाटा सत्यापन के लिए राजस्व विभाग के तहसील लॉग-इन पर पहुंच जायेगा। किसान अपना मोबाइल नंबर भी ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं।
किसानों का ऑनलाइन आवेदन का परीक्षण तहसील लॉग इन पर राजस्व अभिलेख के आधार पर होगा। किसान का आवेदन तहसील लॉग-इन से स्वीकृत होने के बाद स्वत: संबंधित बैंक ब्रांच में किसान क्रेडिट कार्ड के लिए तैयार लॉग-इन पर उपलब्ध हो जायेगा।इस पर बैंक को 15 दिन के अंदर किसान क्रेडिट कार्ड जारी करना होगा। यदि आवेदक किसान क्रेडिट कार्ड के लिए अपात्र पाया जाता हैं तो उसका कारण अंकित करना होगा। आवेदन पत्र के स्वीकृत अथवा अस्वीकृत की दशा में बैंक शाखा ऑनलाइन स्टेटस अपडेट करेगा।