रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के अशोकनगर में घर के बाहर खेल रही मासूम के अपहरण का मामला सामने आया है। महज 12 घंटे के अंदर घटना का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दंपती समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उनके कब्जे से मासूम को भी छुड़ाया गया है। चारों अपहर्ता रॉबर्ट्सगंज के ही घसिया बस्ती के निवासी हैं। रॉबर्ट्सगंज के अशोकनगर निवासी अतुल कुमार पटेल की भांजी अदिती (2) सोमवार की शाम घर के बाहर खेल रही थी।
इसके बाद वह अचानक लापता हो गई। घरवालों ने सीसीटीवी कैमरे को जांचा तो उसमें कुछ लोग बच्ची को अपने साथ लेकर जाते दिखे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू की।
मंगलवार की सुबह चुर्क तिराहा के पास से चार अपहर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से बच्ची को मुक्त कराया। एएसपी कालू सिंह ने बताया कि पूछताछ में अपहर्ताओं की पहचान घसिया बस्ती निवासी लौंगी, प्रतिमा, उसके पति रवि कुमार और रिनवा कुमार के रुप में हुई।
बच्ची का अपहरण कर चारों उसे बेचने की फिराक में थे। एएसपी ने बताया कि चारों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्ची को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस टीम में कोतवाल सत्येंद्र कुमार राय, कस्बा चौकी प्रभारी कमल नयन दुबे, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार आदि शामिल रहे।
पहले भी कई वारदातों में आया है घसिया बस्ती का नाम
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सर्किट हाउस के पास स्थित घसिया बस्ती का पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में नाम आया है। कच्ची शराब व मादक पदार्थ की बिक्री के मामलों में पुलिस कई बार वहां दबिश दे चुकी है। करीब डेढ़ साल पहले बस के परिचालक से लूट के मामले में भी पुलिस ने घसिया बस्ती से आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एएसपी ने बताया कि बस्ती में रह रहे आपराधिक तत्वों की निगरानी की जा रही है।