पीसीएस में चयनित- खुशबू रानी गुप्ता। स्रोत स्वयं
सोनभद्र/घोरावल। यूपी पीसीएस की परीक्षा में जिले के तीन होनहारों को सफलता मिली है। इनमें घोरावल के दो घोरावल क्षेत्र के हैं। इसके तहत खुशबू रानी असिस्टेंट कमिश्नर (21वीं रैंक), आनंद राज नायब तहसीलदार (22वीं रैंक), खुशबू सोनी (26वीं रैंक) बीडीओ बनेंगी। बच्चों की सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
रविवार देर शाम परिणाम घोषित हुए तो घोरावल तहसील क्षेत्र के तिलौली कला गांव निवासी खुशबू रानी गुप्ता के असिस्टेंट कमिश्नर (वाणिज्य कर) के पद पर और केवली गांव निवासी आनंद राज सिंह का नायब तहसीलदार पद पर चयन होने की जानकारी मिली। इसके बात घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
खुशबू रानी के पिता राम गोपाल गुप्ता किसान और माता शांति देवी गृहिणी है। चार भाई बहनों में खुशबू तीसरे नंबर पर हैं। उनके सबसे बड़े भाई मुकेश गुप्ता सीआरपीएफ में एसआई हैं, दूसरे बड़े भाई मनीष गुप्ता बिजली निगम में चुनार मिर्जापुर में जेई पद पर कार्यरत हैं। खुशबू की इंटर तक की पढ़ाई नवोदय विद्यालय रॉबर्ट्सगंज में हुई है।
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से बीएससी और प्रयागराज विश्वविद्यालय से एमएससी केमिस्ट्री किया है। इसके बाद समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत आदर्श पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र अलीगंज लखनऊ में उन्होंने कोचिंग किया है। उनका यह तीसरा प्रयास था। इसके पहले वह दो बार और मेंस दे चुकी हैं। उन्होंने 2025 का मेंस भी दिया है।
इसके अलावा समीक्षा अधिकारी पद का रिजल्ट अभी वेटिंग में है। खुशबू रानी ने बताया कि वह अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार माता-पिता, भाइयों, गुरुजनों और अभ्युदय कोचिंग को देती है। उनके माता-पिता ने उन्हें कड़ी मेहनत और समर्पण की सीख दी, वहीं सरकारी नौकरी में कार्यरत दोनों भाइयों से उन्हें पढ़कर ऊंचा मुकाम हासिल करने की प्रेरणा मिली। अभी उनका लक्ष्य आईएएस की परीक्षा क्वालीफाई करना है।
पीसीएस में चयनित- खुशबू रानी गुप्ता। स्रोत स्वयं