सोनभद्र। कार्तिक माह की पूर्णिमा सोमवार को देव दीपावली के रूप में मनाई जाएगी। लोग नदी, तालाब के घाटों पर रंगाई-पुताई के साथ ही सजावट को अंतिम रूप देने में जुट रहे। देव दीपावली पर दीपदान करने की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज स्थित रामसरोवर तालाब पर देव दीपावली मनाई जाएगी। रविवार को तालाब के भींटे का रंग-रोगन करने में लोग जुटे रहे। तालाब के चारों तरफ विद्युत झालर सजा दिए गए हैं। मारवाड़ी युवा मंच की ओर से देव दीपावली पर 5500 दीप जलाएं जाएंगें। सदर विधायक भूपेश चौबे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहेंगे। मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने बताया कि रामसरोवर तालाब पर हर वर्ष देव दीपावली मनाई जाती है। इस वर्ष भी तालाब पर दीपदान किया जाएगा। लाइट एवं साउंड की व्यवस्था रहेगी। इस दौरान प्रतियोगिताएं भी कराई जाएगी।
ओबरा में रेणुका तट पर देव दीपावली के अवसर पर दीपदान किया जाएगा। यहां कुल 21 हजार दीप जलाएं जाएंगें। वाराणसी से आए विद्वान सोन नदी की आरती करेंगे। घोरावल में भी बेलन नदी के तट पर दीपदान करते हुए आरती की जाएगी। इस तरह से दुद्धी सहित अन्य स्थानों पर घाटों को दीपों से सजाया जाएगा। रविवार को विद्युत झालरों से घाट सजाने में लोग जुटे रहे।
दुद्धी। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दुद्धी स्थित शिवाजी तालाब पर देव दीपावली मनाया जाएगा। सोमवार की शाम पांच बजे 5100 दीये जलाएं जाएंगे। मुख्य जजमान एसडीएम शैलेंद्र मिश्र रहेंगे। सह जजमान के रूप में तहसीलदार ब्रजेश कुमार वर्मा होंगे। देव दीपावली कार्यक्रम के अध्यक्ष अरुण कनौजिया ने इसकी जानकारी दी। बनारस से आए विद्वान आरती करेंगे। राधा-कृष्ण की झांकी भी निकाली जाएगी।
चोपन। देव दीपावली के लिए चोपन स्थित सोन नदी के तट पर स्थित सोनेश्वर महादेव घाट पर भव्य तैयारियां की गई है। रविवार को सोनेश्वर महादेव का पूजन अर्चन कर शृंगार किया गया। इसके बाद 24 घंटे का अखंड हरी कीर्तन शुरू हुआ। कीर्तन का समापन सोमवार को होगा।
घाट पर रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है। इसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चे आकर्षक रंगोली सजाएंगे। सोन सेवा समिति के अध्यक्ष एवं जुगैल जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव त्रिपाठी ने बताया कि काशी से आ रहे पांच ब्राह्मणों की टीम पूजन अर्चन करेगी। इसके बाद काशी की तर्ज पर महाआरती होगा। शाम 7 बजे से भोजपुरी के निर्गुण सम्राट मदन राय और वाराणसी से आ रही गायिका छाया निधि भजनों की प्रस्तुति देंगी। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता राजा मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि उस्मान अली, समाजसेवी विद्या शंकर पांडेय मौजूद रहे।
ओबरा। कार्तिक पूर्णिमा देव दीपावली मेला नगर के सेक्टर तीन स्थित रेणुका छठ घाट पर सोमवार को धूमधाम से मनाई जाएगी। यह जानकारी देते हुए आयोजक सामाजिक प्रगति परिषद के अध्यक्ष सुशील मिश्रा संग्राम ने बताया कि देव दीपावली पर 51 हजार दीपों की मालिका सजाई जाएगी। आयोजन में संरक्षक पूर्व विधान परिषद सदस्य जयप्रकाश चतुर्वेदी व भाजयुमो प्रदेश महामंत्री देवेंद्र भाई पटेल मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता भी होगी। भव्य आरती का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा, जिसमें वाराणसी के आचार्यों की टीम मां रेणुका की महाआरती करेगी। संस्था के सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेले को संचालित करने के लिए अस्थाई मंच भी बनाया गया है।