योगेश्वर श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव सोमवार को जिले भर में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान घर-घर बधाई और सोहर गाई जाएगी। जन्मोत्सव मनाए जाने के लिए पूर्व संध्या पर आस्थावान झांकी सजाने की तैयारी में जुटे रहे।
लोग लड्डू गोपाल की झांकी सजाने के लिए बाजार में बिक सजावटी सामानों के साथ पालना, झूला आदि रहे तरह-तरह के सामानों की खरीद रहे हैं। देर शाम तक दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी गई। हर साल भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाता है।
इस साल सोमवार को जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जन्माष्टमी का व्रत रहकर पूजा पाठ करने वाले व्यक्ति आज ही व्रत करेंगे। आचार्य वेदप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि 26 अगस्त की रात में रोहणी नक्षत्र में योगेश्वर श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
इस समय में भक्तगण बाल गोपाल श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाएं और भजन कीर्तन करें। आस्थावान इस दिन व्रत रहकर भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप का ध्यान रखते हुए पूजा पाठ करें। पूर्व संध्या पर रविवार को बाजार में खरीदारों की वजह से चहल पहल रहीं।
लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के लिए पालना और वस्त्र की खरीदारी की। सजावट के सामानों की खरीदारी की गई। बाजार में विभिन्न प्रकार के पालना बिक रहे हैं। इस बार बाजार में मथुरा से आए पालने की बिक्री खूब हो रही है। वहीं श्रीकृष्ण के लिए मखमली कपड़ों की लोग खरीदारी कर रहे हैं।
राबर्ट्सगंज नगर स्थित बांके बिहारी मंदिर के साथ ही चुर्क स्थित पुलिस लाइंस एवं सदर कोतवाली स्थित मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। बांके बिहारी मंदिर को आकर्षक झालरों से सजाया गया है। पूजा पाठ की तैयारियां की जा रही है।
मूर्ति को अंतिम रूप देने में जुटे रहे कलाकर
दुद्धी। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पूजा में मां काली मंदिर, श्री संकट मोचन मंदिर, श्री पंचदेव मंदिर, शिव मंदिर रामनगर में श्रीकृष्ण की मूर्तियां स्थापित होंगी। नगर व ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित होने वाली मूर्तियों को मूर्तिकार बनाने में जुटे हुए हैं। ब्लॉक क्षेत्र के धनौरा गांव निवासी नारायण प्रजापति व महादेव प्रजापति की बनाई गई मूर्तियां नगर में ही नहीं तहसील क्षेत्र सहित अन्य जगहों पर जाती हैं। दोनों बताो हैं कि मौसम खराब होने से कुछ मूर्ति कम बन पाई हैं। दूर को जाने वाली मूर्तियों को भेजा जा रहा है।
मंदिरों की भक्तों ने की साफ-सफाई
ऊर्जांचल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मंदिर, थाना व पंडालों की साफ-सफाई कराई जा रही है। बाजार में सामान खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। अनपरा थाना, परासी स्थित राधा-कृष्ण सहित अन्य मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारी में लोग जुटे हैं। मंदिरों की साफ-सफाई के बाद रंगाई पुताई का काम लगभग पूरा कर लिया गया। वहीं मूर्तिकार आर्डर के अनुसार मूर्तियां बना रहे हैं। जन्माष्टमी पर जागरण की व्यवस्था की गई है।