त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सुरक्षा को लेकर पुलिस महकमा अलर्ट है। चुनाव में किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो इसको देखते हुए जिले की सीमा से सटे छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा पर पुलिस, पीएसी और सीआरपीएफ के जवान सघन कांबिंग कर रहे हैं। बुधवार को भी सीमा क्षेत्र के कई इलाकों में कांबिंग हुई। इस दौरान जवानों ने संदिग्धों की तलाशी भी ली।
सीआरपीएफ कमांडेंट वेद प्रकाश त्रिपाठी, डिप्टी कमांडर प्रेम प्रताप, असिस्टेंट कमांडर चद्रशेखर, बबलू कुमार राम और अमवार पुलिस चौकी प्रभारी महावीर यादव ने दुद्घी कोतवाली क्षेत्र के झारो, सुंदरी, मचबंधवा, देवकुढ़, सुंदरी, भिसुर, त्रिसुल्ली में सघन कांबिंग की।
टीम ने छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे इलाकों में कांबिंग कर उधर से होकर गुजरने वाले संदिग्धों की तलाशी ली। झारो गांव में जाकर जवानों ने ग्रामीणों की समस्या भी जानी। बता दें कि वर्तमान में जिले की सीमा से सटे बिहार में विधानसभा चुनाव की धूम मची है, तो यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत नामांकन पत्रों की बिक्री, नामांकन और जांच की प्रक्रिया चल रही है।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी हो इसके मद्देनजर लगातार कांबिंग की जा रही है। अधिकारी लगातार नजर रख रहे हैं।