रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के घुरमा कम्हारी गांव में बेटे पर पिता की हत्या का आरोप लगा है। उसकी ही पत्नी ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। न्यायालय के हस्तक्षेप पर बेटे को नामजद और उसके चार साथियों के साथ अज्ञात में बुधवार की शाम एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी में रह रही सुनीता का आरोप है उसके पति मुन्ना उर्फ रामसूरत निवासी निवासी घुरमा कम्हारी ने संपत्ति के लिए अपने पिता की हत्या कर दी है। प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसके पति शराब की लत और गलत संगत में पड़ गए हैं। वह अक्सर अपने पिता विश्वनाथ के साथ मारपीट करते थे। अपने पिता के इकलौते पुत्र होने के बावजूद नशे की लत में पड़कर जमीन बेचने के लिए दबाव बनाने लगे। इसके चलते उन्होंने पोतों के नाम संपत्ति की वसीयत कर दी। बताया कि वह कुछ दिन के लिए बाहर गई थी। इसका फायदा उठाकर दवा इलाज के बहाने कचहरी ले जाकर पति ने अपने हक में जमीन की रजिस्टर्ड वसीयत कराई। घर लौटने पर जानकारी मिली कि उन्हें दवा इलाज के लिए बाहर ले जाया गया था। इसके बाद पांच दिसंबर 2024 को वह बहू का इलाज कराने गई हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान संपत्ति के लालच में अपने दोस्तों के बहकावे में आकर पति मुन्ना ने अपने पिता विश्वनाथ के खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया जिससे उनकी मृत्यु हो गई। उसे इसकी जानकारी तब हुई जब उसने दाह-संस्कार के लिए जाते समय उनका शरीर हल्का नीला पड़ा देखा। पुलिस में सुनवाई न होने पर न्यायालय से गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्रकरण में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। छानबीन जारी है।