मोड़ पर अनियंत्रित होकर नहर में गिरी जेसीबी, चालक की मौत
घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के केवली-तिलौली मार्ग पर खाख मोड़ के पास रविवार की देर शाम जेसीबी अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। हादसे में जेसीबी चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्रयागराज के खीरी थाना क्षेत्र के नीबी गांव निवासी कमलेश बिंद (24) पुत्र रामदास जेसीबी चलाता था। वह क्षेत्र में एक कंपनी के माध्यम से चले कार्य में लगा था। रविवार की शाम वह जेसीबी लेकर तिलौली से केवली की तरफ जा रहा था। नहर के किनारे बने मार्ग पर खाख मोड़ के पास जेसीबी अनियंत्रित होकर नहर में चली गई। चालक कमलेश भी उसके नीचे आ गया। आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन उसे बाहर निकालकर घोरावल सीएचसी ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी कमलेश पाल ने बताया कि घटना की सूचना चालक के घरवालों को दी गई है। शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिकअप पलटने से महिला की मौत, 40 घायल
शक्तिनगर। सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में रविवार को पिकअप पलटने से महिला की मौत हो गई। इस हादसे में बच्चों सहित करीब 40 लोग घायल हुए हैं। सभी एक छठी कार्यक्रम से लौट रहे थे। घटना कुंदवार पुलिस चौकी क्षेत्र के भकुआर गांव में हुई। 12 घायलों का इलाज ट्राॅमा सेंटर बैढ़न में चल रहा है।
सरई से पिकअप से 42 महिला-पुरुष और बच्चे शनिवार की शाम जियावन गांव गए थे। वहां छठी कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी घर लौट रहे थे। देर रात पिकअप भकुआर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में पूनम रावत (35) पत्नी शंभू की मौत हो गई। अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में सबसे ज्यादा महिलाएं एवं बच्चे शामिल हैं। सूचना पाकर जियावन थाना क्षेत्र के कुंदवार चौकी पुलिस पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पिकअप वाहन चालक निरंजन कोल के विरुद्ध पुलिस ने केस दर्ज किया है।
हादसे में इन्हें आई गंभीर चोट
हादसे में गंभीर रूप से घायल होने वालों में पिकअप सवार जैमनी (75), सविता (35), सूरज (4), आनंद (15), विनय (11) हैं। इसके अलावा धनेश (30), राजकुमार (47), सीता कोल (35), शिवकुमारी रावत (35) भी घायल हुए हैं। काजल (13), उर्मिला कोल, त्रिलोकी कोल (35), विनय कोल आदि भी घायलों में शामिल हैं।