बभनी। सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडाड़ चपकी में 14 मार्च को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य प्रदेश की सीमा पर पुलिस व एडीजी की क्यूआरटी लगातार कांबिंग कर रही है।
सेवाकुंज आश्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन को लेकर जहां हर विभाग तैयारी करने में जुटा हुआ है, वहीं पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकन्ना है। सुरक्षा के मद्देनजर सीमावर्ती इलाकों में पुलिस व एडीजी क्यूआरटी टीम लगातार कांबिंग कर रही है। सोमवार को उप निरीक्षक श्रीकांत यादव के नेतृत्व में जवानों ने छत्तीसगढ़ बार्डर से सटे करमघट्टी, बचरा, बरवाटोला और भंवर में सघन कांबिंग किया। कांबिंग के दौरान जवानों ने ग्रामीणों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुना। ग्रामीणों से अपील की कि अपरिचित व्यक्ति से दूरी बनाकर रखें, किसी अपरिचित व्यक्ति को अपने घर में पनाह न दें। यदि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का कोई प्रलोभन देता है तो उसके बहकावे में न आएं। बल्कि इसकी सूचना तत्काल थाने को दें। प्रभारी निरीक्षक अभय नारायण तिवारी ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से अलर्ट है। उन्होंने कहा कि भारी संख्या में पुलिस फोर्स, पीएसी व जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात कर दिए जाएंगे। सेवाकुंज आश्रम तक पहुंचने वाले सभी मार्गों पर बैरियर और बैरिकेडिंग की जाएगी।