मिर्जापुर जिला कारागार में निरुद्ध शूटर अविनाश यादव मोबाइल फोन के जरिये व्यापारियों से रंगदारी वसूल रहा है। यह काम वह अपने गुर्गों से करा रहा है। अविनाश की बीवी रीना यादव, ससुर समेत पांच लोगों के खातों में रंगदारी के करीब ढाई लाख रुपये जमा हुए हैं। इसका खुलासा धोखाधड़ी के केस की विवेचना कर रहे सब इंस्पेक्टर जयलाल ने किया है। उन्हाेंने पिछले सप्ताह सदर कोतवाली में धारा 386 केे तहत अविनाश के विरुद्ध केस दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक सदर कोतवाली में 28 अप्रैल को घोरावल कोतवाली के तत्कालीन इंचार्ज भारत भूषण तिवारी ने किशन सोनकर निवासी राबर्ट्सगंज के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया था। इसकी विवेचना सब इंस्पेक्टर जयलाल कर रहे हैं। विवेचक के मुताबिक सर्विलांस की मदद से पता चला कि मिर्जापुर जिला कारागार में हत्या समेत अन्य धाराओं में निरुद्ध अनपरा थानाक्षेत्र के परासी गांव निवासी शूटर अविनाश यादव विभिन्न नंबरों से बाहर रहने वाले अपने गुर्गों से बात कर उनसे अपराध करा रहा है। सब इंस्पेक्टर ने बताया कि अविनाश अपने गुर्गों के माध्यम से जिले के कई व्यापारियों को धमकी देकर उनसे रंगदारी वसूल रहा है। अब तक अविनाश के गुर्गे व्यापारियों से करीब दो लाख साठ हजार रुपये वसूल चुके हैं। अविनाश वसूली गई रकम को पत्नी और रिश्तेदारों के खाते में जमा करा रहा है। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि अविनाश की पत्नी रीना के खाते में 89 हजार रुपये जमा कराया गया है। पुलिस ने सवाल उठाया है कि अविनाश जेल में है तो इतनी बड़ी रकम रीना के खाते में कैसे और कहां से आई? इसी तरह उसके ससुर प्रकाश सिंह, दोस्त अमित सिंह, गर्ल फ्रेंड और एक अधिवक्ता के खाते में रुपया जमा किया गया है। एसपी का कहना है कि मिर्जापुर जेल के अंदर से अविनाश यादव अपने गुर्गों से बातचीत कर उनके माध्यम से समाज में भय व्याप्त करने का प्रयास कर रहा है। लेकिन उसकी मंशा को पूरा नहीं होने दिया जाएगा।