12वीं पंचवर्षीय योजनांतर्गत राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना तृतीय के अंतर्गत जिले के 1227 गांवों के 2028 मजरों में विद्युतीकरण कराया जाना है। इसके लिए शासन से 87.97 करोड़ धन भी आवंटित हो गया है। शनिवार को जैत गांव के दलित बस्ती में घोरावल क्षेत्र के विधायक रमेश चंद्र दूबे, बिजली विभाग के एक्सईएन हवलदार रावत ने पूजन-अर्चन कर विद्युतीकरण का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन तमाम बस्तियों में विद्युतीकरण का कार्य शुरू हो गया जहां, अब तक लोगों के घरों में बिजली नहीं पहुंची थी।
इस मौके पर हुई सभा को संबोधित करते हुए विधायक रमेश चंद्र दूबे ने कहा कि सपा सरकार ने आज तक जिन गांवों और मजरों में बिजली नहीं पहुंच सकी है, वहां विद्युतीकरण कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए शासन से धन भी स्वीकृत हो चुका है। वर्ष 2016 तक 12वीं पंचवर्षीय योजनांतर्गत राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना तृतीय के अंतर्गत जिले के 1227 गांवों के 2028 मजरों में विद्युतीकरण कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। कहा कि जिन मजरों में विद्युतीकरण होगा वहां लगाने के लिए 1290 अदद 25 केवीए का ट्रांसफार्मर तथा 73, 63 केवीए का ट्रांसफार्मर की स्थापना कर एलटीलाइन के माध्यम से आपूर्ति की जाएगी। अधिशासी अभियंता हवलदार रावत और एसडीओ अनिल कुमार ने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण किया जाएगा। कहा कि जिन गांवों मेें बिजली तार और पोल जर्जर हो चुके हैं उन्हें चिह्नित करने का कार्य भी शुरू हो गया है। पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम बिहारी यादव और रविंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि सपा सरकार सभी जाति, धर्म के लोगों के हित में कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार से जनहित में संचालित योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। अध्यक्षता कर रहे पूर्व प्रधान मंगलेश चौबे ने कहा कि आधे गांव में अब तक बिजली जल रही थी। दलित बस्ती के लोग अंधेरे में गुजर बसर करने के लिए मजबूर थे। लेकिन जल्द ही दलित बस्ती भी रोशनी से जगमगाने लगेगी। संचालन कर रहे घोरावल विस अध्यक्ष बाबूलाल यादव ने कहा कि सपा सरकार गरीबों के लिए ढेर सारी योजनाएं संचालित कर रही है। शहर से लेकर गांव तक सड़क, बिजली, पानी आदि का विकास कार्य हो रहा है। इस मौके पर नरायण सिंह, नटवर सिंह, प्रेम प्रसाद, कतवारू यादव, राजेश जायसवाल, रामरक्षा, नंदलाल, तेजबली, रामबली, गणेश, सुमेर मौजूद रहे।