म्योरपुर। थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर किरबिल गांव के पास शुक्रवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार आईटीआई छात्र की मौत हो गई। वह गांव की बरात में शामिल होने के लिए जा रहा था। तीन बहनों में इकलौते भाई की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
नधिरा गांव से बरात काचन गांव गई थी। नधिरा निवासी रामजी चौबे का पुत्र कृष्ण कुमार चौबे (18) भी इसी बरात में शामिल होने बाइक से जा रहा था। उसके साथ गांव का ही नन्हकू गोंड भी था। किरबिल में पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में कृष्ण कुमार की मौत हो गई। उसकी दो बहनों की शादी हो गई थी, जबकि एक बहन उससे छोटी है। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कृष्ण कुमार ने पिछले वर्ष इंटर की परीक्षा पास करने के बाद बीजपुर के नक्टू स्थित आईटीआई में दाखिला लिया था।