रॉबर्ट्सगंज उरमौरा डायट परिसर में वृहद रोजगार मेला में चयनित अभ्यर्थी। संवाद
सोनभद्र। रोजगार की उम्मीद लेकर जनपद स्तरीय वृहद रोजगार मेले में पहुंचे बीटेक डिग्रीधारकों को निराशा हाथ लगी। मेले में आईटीआई, पॉलिटेक्निक और स्नातक की पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों से नौकरी के प्रस्ताव मिले लेकिन उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को उनकी विशेषज्ञता के अनुरूप अवसर नहीं मिल सके। केमिकल इंजीनियरिंग से बीटेक करने वाले कई अभ्यर्थी कंपनियों के स्टॉल के चक्कर लगाने के बाद खाली हाथ लौट गए। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत सेवायोजन विभाग की ओर से मेले का आयोजन किया गया। इसमें परिवहन निगम समेत निजी क्षेत्र की 51 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। घोरावल क्षेत्र से पहुंचे प्रियांशु ने बताया कि उन्होंने केमिकल इंजीनियरिंग से बीटेक किया है। नौकरी की उम्मीद में मेले में आए थे, लेकिन किसी भी कंपनी में उनके विषय से संबंधित पद उपलब्ध नहीं था। कंपनी प्रतिनिधियों ने रिक्तियां नहीं होने की बात कहकर वापस कर दिया। दुद्धी क्षेत्र से आए एक अन्य अभ्यर्थी ने भी इसी तरह की समस्या बताई। मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे ने अभ्यर्थियों से बातचीत की तो उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप नौकरी नहीं मिलने का मुद्दा सामने आया। इस पर उन्होंने जिला सेवायोजन अधिकारी विवेक साहू को बीटेक और अन्य तकनीकी डिग्रीधारकों के लिए अलग से रोजगार मेला आयोजित कराने का निर्देश दिया।