ओबरा महाविद्यालय में आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभाग करतीं छात्राएं।
ओबरा। नगर स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के तत्वावधान में नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार ने की। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. विभा पांडेय ने किया। सह-संयोजक के रूप में डॉ. प्रेम सुंदरी, मीरा यादव और डॉ. संघमित्रा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रस्तुतियों के आधार पर बीए पंचम सेमेस्टर की प्रिया और सलोनी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए तृतीय सेमेस्टर की रेखा राव और बीएससी प्रथम सेमेस्टर की पायल ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, बीएससी प्रथम सेमेस्टर की स्मिता तीसरे स्थान पर रहीं। इस मौके पर प्राचार्य प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।