सोनभद्र। जिले के दो निजी अस्पतालों में चल रहे मेडिकल स्टोरों में अनियमितता मिलने पर उनके लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दोनों मेडिकल स्टोरों पर फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाएं बेचने सहित अन्य अनियमितता मिली। जिस पर औषधि निरीक्षक ने लाइसेंस रद्द करने की संस्तुति कर दी है।
औषधि निरीक्षक संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि डीएम के निर्देश पर सोमवार को राबर्ट्सगंज नगर के दो नर्सिंग होम में संचालित मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा गया। एक मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में ही दवाओं का क्रय, विक्रय एवं भंडारण किया जा रहा था। मौके पर दवाओं से संबंधित अभिलेख भी नहीं मिले। यहां से तीन औषधियों के नमूने जांच के लिए भेजे गए। इसी तरह पिपरी रोड स्थिति एक नर्सिंग होम परिसर में संचालित अन्य मेडिकल स्टोर पर फर्म के प्रोपराइटर एवं फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दूसरा व्यक्ति दवा बेचते मिला। इस पर वहां औषधि के क्रय-विक्रय व भंडारण पर रोक लगा दी गई। मौके से चार संदिग्ध औषधियों के नमूने जांच के लिए भेजे गए। औषधि निरीक्षक ने बताया कि दोनों दुकानों से कुल सात नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। दोनों दुकानों के लाइसेंस निलंबन के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।