सोनभद्र। उभ्भाकांड की जांच कर रही एसआईटी टीम तीसरे दिन बुधवार को घोरावल तहसील के रजिस्ट्रार कानूनगो से पूछताछ की। चुर्क स्थित गेस्ट हाउस में टीम ने घोरावल तहसील के रजिस्टार कानूनगो से आदर्श कृषि सहकारी समिति के किन-किन सदस्यों के नाम से कितनी-कितनी भूमि दर्ज है समेत अन्य बिंदुओं पर जानकारी हासिल की। एसआईटी की दो सदस्यीय टीम ने मिर्जापुर में जाकर समिति से जुड़े कुछ दस्तावेजों की फोटो कापी कब्जे में लिया।
बता दें कि घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा गांव में आदर्श कृषि सहकारी समिति की विवादित भूमि को लेकर 11 लोगों की हुई हत्या की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) सबूत एकत्र करने में जुटी हुई है। सूत्रों की मानें तो बुधवार को चुर्क गेस्ट हाउस में एसआईटी के इंस्पेक्टर विनोद त्रिपाठी ने घोरावल के आरके से आदर्श कृषि सहकारी समिति उभ्भा के किन सदस्यों के नाम कितनी भी खतौनी में दर्ज है, किन-किन लोगों ने जमीन को बेच दिया है आदि बिंदुओं पर जानकारी ली। इसके बाद इंस्पेक्टर ने कलेक्ट्रेट जाकर कुछ रिकार्ड को एकत्र किया। उधर इंस्पेक्टर आरपी सिंह और भीम यादव ने मिर्जापुर में सहकारी समिति समेत अन्य दफ्तरों में जाकरी समिति के पत्रावलियों के बारे में जानकारी एकत्र करते हुए कुछ कागजातों को भी कब्जे में लिया। क्योंकि जब आदर्श कृषि सहकारी समिति उभ्भा का गठन हुआ तो उस समय सोनभद्र मिर्जापुर जिले में शामिल था। इसलिए अभी भी समिति से जुड़े कई कागजात मिर्जापुर में है।