सोनभद्र। जिला पंचायत सदस्य के साथ ही ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए हुए नामांकन पत्रों की जांच सोमवार को की गई। पहले दिन घोरावल में 14 पर्चा निरस्त किए जाने की सूचना है। मंगलवार को भी नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। राबर्ट्सगंज ब्लॉक के एडीओ पंचायत केएस शुक्ला ने बताया कि सोमवार को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की गई। मंगलवार को भी नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। पहले दिन एक भी नामांकन पत्र निरस्त नहीं किए गये।
घोरावल ब्लॉक में पहले दिन जांच के दौरान कुल 14 नामांकन पत्र निरस्त किए गये। इसमें तीन ग्राम प्रधान के, तीन बीडीसी के और आठ ग्राम पंचायत सदस्य के नामांकन पत्र शामिल हैं। दुद्धी ब्लॉक मुख्यालय पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के विभिन्न पदों पर दाखिल किए नामांकन पत्रों के जांच के प्रथम दिन सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की गई। इस दौरान उम्मीदवारों को दिए हुए नियत समय पर बुलाकर उनके सामने ही नामांकन पत्रों की जांच की गई और त्रुटियों ठीक करने के निर्देश दिए गए। जांच में बुलाये गए उम्मीदवारों की भीड़ ब्लॉक मुख्यालय पर शाम तक उमड़ी रही। आरओ सैयद मोइनुद्दीन ने बताया कि मंगलवार को भी नामांकन पत्रों की जांच होगी और नामांकन पत्रों की खारिज की घोषणा शाम तक की जाएगी। कोन ब्लॉक कार्यालय में भी नामांकन पत्रों की जांच की गई। आरओ आरके पांडेय ने बताया कि तीन शिकायतें मिली है, जांच की जा रही हैं, दूसरे दिन निस्तारण होगा। पहले दिन एक भी नामांकन पत्र रद नहीं हुई। चतरा ब्लॉक में नामांकन पत्रों की जांच में कोई पर्चा निरस्त नहीं हुआ। इसकी जानकारी आरओ विनोद कुमार सिंह ने दी। विकास खंड बभनी में भी नामांकन पत्रों की जांच की गई। इसी तरह से चोपन ब्लॉक में दाखिल किए गये नामांकन पत्रों की जांच की गई। आरओ उदय नारायण राय ने बताया कि अभी जांच चल रहा है। मंगलवार को शाम तक पर्चा निरस्त होने के बारें में पता चलेगा।
28736 लोगों ने किया है नामांकन
जिले में कुल 31 जिला पंचायत सदस्य सीट के लिए कुल 764 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। इसी तरह क्षेत्र पंचायत सदस्य के 781 पदों के लिए 6525 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। 17 व 18 अप्रैल को हुई नामांकन प्रक्रिया में प्रधान के 629 पदों के लिए 8644 व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 12803 लोगों ने नामांकन किया। सदस्य के कुल 7767 पद हैं जिले की सभी ग्राम पंचायतों में।