सोनभद्र। ट्रेजरी के एक क्लर्क के खिलाफ रुपये न मिलने पर एक निराश्रित महिला के रिफंड की पत्रावली में आपत्ति लगाकर वापस करने की शिकायत मुख्यमंत्री समेत अन्य अधिकारियों तक पहुंच गई है। डीएम अभिषेक सिंह ने एडीएम को शिकायत की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। एडीएम ने सीनियर ट्रेजरी अफसर को प्रकरण की जांच कर आख्या देने को कहा है।
रेणुकूट की रहने वाली निराश्रित महिला का कहना है कि उसके पति की मृत्यु 2015 में हो चुकी है। उसके फर्म का वर्ष 2006-07 का रिफंड वाणिज्य कर खंड- 04 सोनभद्र में लंबित है। जहां से खंड अधिकारी द्वारा सोनभद्र ट्रेजरी में रिफंड के लिए भेजा गया था लेकिन वहां पर तैनात एक क्लर्क ने पैसा न मिलने पर रिफंड में मनमानी आपत्ति लगाकर वाणिज्य कर विभाग सोनभद खंड-4 को वापस भेज दिया। क्लर्क पर ये भी आरोप है कि जबसे वे ट्रेजरी में आये हैं तब से व्यापारियों से अवैध वसूली कर रहे हैं। जो लोग पैसा दे देते हैं उनके रिफंड का भुगतान ट्रेजरी से ही हो जाता है। पैसा न देने वाले लोगों का मनमानी आपत्ति लगाकर रिफंड रोक देते हैं। अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि ट्रेजरी अफसर को क्लर्क के खिलाफ प्राप्त शिकायती पत्र को जांच के लिए भेजा गया है।