सोनभद्र। एसओजी और हाथीनाला पुलिस ने मंगलवार को अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। संयुक्त टीम ने डीसीएम में लदी 680 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब भी बरामद किया। पंजाब में बिक्री के लिए बनी शराब को झारखंड ले जाया जा रहा था। पकड़े गए तस्कर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। बरामद शराब की कीमत (डीसीएम समेत) 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
चुर्क स्थित पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एएसपी कालू सिंह ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर एसओजी, सर्विलांस और हाथीनाला थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने हाथीनाला तिराहा के पास घेराबंदी कर हरियाणा नंबर की डीसीएम ट्रक को रोका। उसे कब्जे में लेकर तलाशी ली तो अंदर 680 पेटी में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 6120 लीटर है। पुलिस टीम ने एक अंतर राज्यीय तस्कर को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी पहचान जगदीश (34) निवासी वीरगढ़ शिमला के रूप में हुई।
उसने बताया कि बरामद माल हरियाणा के करनाल निवासी प्रदीप का है। उसके कहने पर वह शराब की खेप लेकर झारखंड जा रहा था। एएसपी ने बताया कि जगदीश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं प्रदीप की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में सर्विलांस सेल प्रभारी राजेश सिंह, थानाध्यक्ष हाथीनाला चंद्रभान सिंह, हेड कांस्टेबल जगदीश मौर्या, अतुल सिंह, शशि प्रताप आदि आदि शामिल रहे।