राॅबर्ट्सगंज में हल्की बारिश का नजारा। संवाद
जिले में लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को भी रुक-रुककर बारिश होती रही। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। बीते 48 घंटे में अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। बारिश से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है।वहीं रुक रुककर तीन दिनों से हो रही बारिश से धान की सिंचाई की तैयारी कर रहे किसानों को भी काफी सहूलियत हुई है। किसान बारिश को धान की फसल के लिए फायदेमंद मान रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के अनुसार शुक्रवार को चुर्क क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 24.2 और अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके मुकाबले बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 24.0 और अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। बुधवार को न्यूनतम तापमान 24.8 और अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.0 और अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस तरह मंगलवार के मुकाबले शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 5.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। उधर, धान की फसल के लिए बारिश को लाभकारी मानते हुए किसानों में भी राहत है। खेतों में सिंचाई की जरूरत कम होने से किसानों को पानी और मेहनत दोनों की बचत हो रही है।