पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बोलेरो चुराकर मध्यप्रदेश बेचने के लिए जा रहे युवक को गुरुवार की सुबह साढ़े दस बजे बेना मोड़ से पुलिस ने दबोच लिया।
बोलेरो भी कब्जे में ले ली गई। आरोपी अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है। पूछताछ में उसने कई राज उगले हैं।
सुबह साढ़े नौ बजे के करीब अनपरा एसओ शोभनाथ यादव को सूचना मिली कि रेणुकूट की तरफ से एक वाहन चोर बोलेरो लेकर आ रहा है।
इस पर एसओ अपने हमराहियों के साथ रेणुकूट-अनपरा के बीच स्थित बेनादह मोड़ पहुंच गए। बभनी एसओ अशोक यादव भी वहां पहुंच गए।
इसी बीच सफेद कलर की बोलेरो रेणुकूट की तरफ से आती दिखाई दी। पुलिस ने रोका तो युवक बोलेरो को मुड़ाकर भागना चाहा। पुलिस ने घेरेबंदी कर उसे दबोच लिया।
एसओ शोभनाथ ने बताया कि पकड़ा गया पप्पू पटेल (35) निवासी लालगंज, मिर्जापुर शातिर वाहन चोर है। उसके खिलाफ मिर्जापुर जिले के लालगंज, मड़िहान और कटरा कोतवाली में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि उसके गिरोह के लोगों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसी हिस्से से बोलेरो उड़ाई थी, उसी को बेचने के लिए वह सिंगरौली जा रहा था।