म्योरपुर थाना क्षेत्र में फोर्स के साथ कांबिंग करते पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले से सटे सीमावर्ती राज्यों में नक्सली संचरण को दृष्टिगत शुक्रवार को म्योरपुर थाना क्षेत्र के लीलासी व जामपानी के जंगलों में नक्सल आपरेशनल कार्यक्रम के तहत कई थानों की फोर्स के साथ एसपी आशीष श्रीवास्तव ने कांबिंग किया। इस दौरान एसपी ने जंगल में रह रहे लोगों से संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में पूछताछ की। सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि निडर होकर जीवन यापन करें। एसपी ने क्षेत्राधिकारी दुध्दी राम आशीष, प्रभारी निरीक्षक दुध्दी पंकज सिंह, बभनी थानाध्यक्ष, विण्ढमगंज, म्योरपुर, बीजपुर एसओ समेत अन्य पुलिस बल एवं जोन क्यूआरटी तथा पीएसी बल के साथ सघन काम्बिंग किया। काम्बिंग से पूर्व पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त फोर्स को ब्रीफ करते हुए आवश्यक निर्देश दिया गया। इसके उपरांत ग्राम लीलासी में आयोजित जनचौपाल के माध्यम से एसपी ने स्थानीय लोगों से वार्ता किया तथा उनकी मूलभूत समस्याओं के बारे में जानकारी ली। समस्याओं का हर संभव निराकरण कराए जाने का भरोसा दिया। लोगों से भयमुक्त होकर किसी के बहकावे में न आते हुए पुलिस का सहयोग करने की बात कही। पुलिस को भी जनता से मृदुल व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित एवं विधिक निस्तारण कराये जाने हेतु संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।