चुर्क पुलिस लाइन में वाहन में अवैध शराब के साथ पकड़ा गया आरोपी।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव शुक्रवार को अंतरप्रांतीय शराब तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया। करीब 21 लाख रुपये कीमत की शराब लदे ट्रक को क्राइम ब्रांच और चोपन थाने की पुलिस ने पकड़ा है। शराब सोनभद्र के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा था। एसपी ने बताया कि विगत कई माह से सूचना प्राप्त हो रही थी कि सीमावर्ती प्रान्त बिहार में शराब बन्दी के कारण अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब की तस्करी बिहार प्रान्त में की जा रही है। इस सूचना पर अपराधियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के लिए द्वय एएसपी, सभी सीओ और थाना प्रभारी को लगाया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को मुखबिर के जरिये मिली सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय ओम प्रकाश सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर राजकुमार त्रिपाठी के निर्देशन में चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी के समीप थानाध्यक्ष नवीन तिवारी, स्वाट टीम इंचार्ज प्रदीप सिंह, एसओजी प्रभारी अमित त्रिपाठी और सर्विलांस प्रभारी सरोजमा सिंह टीम के साथ घेराबंदी कर एक ढाबा के समीप से शराब लदे एक ट्रक को मय चालक गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए ट्रक चालक ने बताया कि अवैध शराब को हरियाणा के सोनीपथ से बिहार ले जाना था। गाड़ी को बिहार पहुंचाने के एवज में उन्हें अच्छा पैसा मिलता है। चालक रंजीत सिंह पुत्र शंकर सिंह के रतौली थाना अयाना जनपद औरैया की निशानदेही पर ट्रक के डाला और केबिन में रखा 260 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया गया। शराब बरामद करने में उपनिरीक्षक अवदेश यादव, हेड कांस्टेबल जगदीश मौर्या, जितेंद्र पांडेय. विरेन्द्र कुशवाहा, अरविन्द सिंह, हरिकेश यादव, जितेन्द्र यादव, रितेश पटेल, सौरभ राय, दिलीप कुमार कश्यप, अमित कुमार सिंह, प्रकाश सिंह, रामाश्रय यादव, अनूप कुमार सिंह, विवेक दूबे का अहम योगदान रहा। इस सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्द्धन के लिए एसपी ने 25,000 नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।