ब्लाक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में तैनात अंशकालिक अनुदेशकों ने मंगलवार को कार्य बहिष्कार किया और ब्लाक संसाधन केंद्र पर प्रदर्शन कर विभिन्न मांगें उठाईं। यह कार्य बहिष्कार 23 दिसंबर से लखनऊ में अनवरत धरने पर बैठे संगठन के पदाधिकारियों के समर्थन में किया गया। 30 दिसंबर को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
ब्लाक के अंशकालिक शिक्षकों ने मंगलवार को घोरावल बीआरसी पर बैठक की। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2013-14 से तैनात अंशकालिक शिक्षकों को पूर्णकालिक नियुक्ति देकर स्थायी रूप से समायोजित किया जाना चाहिए। क्योंकि शिक्षक लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास कर रहे हैं। अनुदेशकों को उत्तर प्रदेश अध्यापक सेवा नियमावली से जोड़ने, आकस्मिक दुर्घटना राहत बीमा सुविधा प्रदान करने, समायोजन प्रक्रिया पूरी होने तक न्यूनतम वेतनमान लागू करने, 11 माह 29 दिन का वेतन देने, स्वत: नवीनीकरण और स्थानांतरण प्रक्रिया लागू करने तथा महिला अनुदेशकों को वैतनिक प्रसूति अवकाश देने की मांग की। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने का भी मुद्दा उठा। निर्णय लिया गया कि इन सभी मांगों को लेकर 30 दिसंबर को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।
पूर्व माध्यमिक अनुदेशक कल्याण समिति के अनुदेशक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ में संगठन का धरना लगातार मांगों को लेकर चल रहा है। अंकित श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंह, अमित मौर्य, रंजू कुशवाहा, श्वेता, साधना, अनीता रामलाल, अनिल, प्रदीप, निरंजन, मोहित, संदीप मौजूद रहे।