घोरावल। चुनाव आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में उपजिलाधिकारी घोरावल ने ओड़हथा की बीएलओ का सेवा समाप्ति के लिए बीडीओ करमा को निर्देश दिया है। साथ ही शाहगंज थाना प्रभारी को बीएलओ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने का निर्देश दिया है।
उपजिलाधिकारी आशीष त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान समय में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 400-घोरावल की मतदाता सूचियों के लिए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में भाग संख्या 177 जंगबहादुर सिंह इंटर काॅलेज ओड़हथा कक्ष संख्या 02 की बीएलओ अकांक्षा पटेल (पंचायत सहायक) ने अपने बूथ के गणना प्रपत्र को प्राप्त कर अपने पास रखा था। गणना प्रपत्र वितरण नहीं किया गया। इनकी ओर से सुपरवाईजर, ईआरओ, एईआरओ का फोन भी नहीं उठाया जा रहा है। इससे इनके बूथ के मतदाताओं का सत्यापन कार्य शुरू नहीं हो सका है। बीएलओ के कार्य में रुचि न लेने से शासकीय कार्य में उत्पन्न हुई बाधा के कारण लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने का निर्देश शाहगंज थाना प्रभारी को दिया गया है। एसडीएम के निर्देश की प्रतिलिपि उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी को भी सूचना के लिए प्रेषित की गई है। इसके साथ ही बीडीओ करमा को पंचायत सहायक अकांक्षा पटेल की सेवा समाप्त की कार्रवाई करते हुए इससे अवगत कराने का निर्देश दिया है।
एसआईआर तीन माह बढ़ाने के लिए सपा ने सौंपा ज्ञापन
सोनभद्र। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से एसआईआर तीन माह बढ़ाने की मांग की गई। जिला सचिव प्रमोद यादव ने बताया कि सोनभद्र अति पिछड़ा जिला है, ऐसे में एसआईआर मतदाता पुनरीक्षण तीन माह बढ़ाया जाए। सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने कहा कि बीएलओ समय से मतदाताओं के घर नहीं पहुंच रहे हैं और न ही फाॅर्म भरने का कार्य किया जा रहा है। फाॅर्म यदि दे भी दिया जाता है तो भरने की प्रकिया पूरी जानकारी न देने के कारण त्रुटियां हो जा रही हैं। महिला सभा की जिलाध्यक्ष गीता गौर ने कहा कि अभी तक बीएलओ की तरफ से मात्र 20 से 30 प्रतिशत फाॅर्म वितरण किया गया है। इस मौके पर बैजनाथ भारती, मुन्ना कुशवाहा, सुरेश अग्रहरि, दीना पटेल, कलावती भारती आदि रहे।