कनहर सिंचाई परियोजना के मॉडल के माध्यम से पूरे परियोजना की जानकारी करते नवागत मुख्य अभियंता सिं?
- फोटो : SONBHADRA
दुद्धी। नवागत मुख्य अभियंता सिंचाई कनहर हर प्रसाद ने अमवार में निर्माणाधीन कनहर सिंचाई परियोजना का दौरा किया। उन्होंने बांध पर पीचिंग कार्य ठीक न होने पर नाराजगी जताई। कहा कि कार्य में लापरवाही न की जाए। अधीक्षण अभियंता खंड एक दीपक कुमार व अधीक्षण अभियंता खंड दो सीमांत अग्रवाल के साथ उन्होंने परियोजना में कराए जा रहे कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कच्ची बांध पर हो रही पीचिंग साइट पर पहुंच कर बांध की बनावट की जानकारी लिया। फीनिशिंग को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि पत्थरों को सही से फिक्सिंग करें व बोल्डर के जॉइंट को अच्छे से भरें, जिससे लगाए गए पत्थरों में मूवमेंट न रहें। बांध के पीचिंग कार्य में स्लोप में लहरों को ठीक कराने का निर्देश के खंड पांच के अधिशासी अभियंता सत्य प्रकाश चौधरी व सहायक अभियंता त्रिलोकी झा को दिया। दोपहर बाद वह पैदल कनहर नदी पार कर स्पिलवे बांध पहुंचे और स्पिलवे का मुआयना किया तथा दूसरे तरफ कच्ची बांध के पिचिंग वर्क और राकफ़ील को देखा तथा संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य अभियंता ने बताया कि मुख्य बांध व रॉक फील का काम मार्च 2021 तक पूरा हो जाएगा। बांध के बजट में कोई कमी नही है। अक्टूबर से निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो जाएगा। बताया कि टनल के फेज वन में वन विभाग की क्लियरेंस मिल गया है। जल्द इसका कार्य जल्द शुरू होगा। बताया कि अगले मानसून से पहले डूब क्षेत्र के विस्थापितों को हटाया जाएगा क्योंकि अगले वर्ष बांध में पानी भरने लगेगा। इस मौके पर एक्सईएन विनय कुमार,मो. मोइनुद्दीन, सत्यप्रकाश चौधरी, एसडीओ संजय गुप्ता, रवि श्रीवास्तव, सियाराम, राजकुमार जायसवाल, ऋतु सोनी, नरसिम्हा, जेई डीके कौशिक, राजेश कुमार वहीं एचईएस के एबीवीपी ए राजन, डीजीएम वर्मा, भाष्कर, सत्यनारायण राजू, संजय शर्मा मौजूद रहे।