सोनभद्र के करमा क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय खुटहनिया में शनिवार सुबह पानी की टंकी में कीटनाशक की शीशी मिलने से खलबली मच गई। संयोग रहा कि स्कूल खुलते ही शिक्षकों की इस पर नजर पड़ गई। किसी ने पानी का सेवन नहीं किया था। मामले में स्कूल प्रभारी ने थाने में लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कंपोजिट विद्यालय खुटहनिया में शनिवार की सुबह बच्चे स्कूल पहुंचे तो उनकी नजर पानी की टोटी के पास गिरे कीटनाशक के ढक्कन पर पड़ी। बच्चों ने इसकी जानकारी शिक्षकों को दिया। प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रीति ने बताया कि चौकीदार गोविंद प्रसाद को टंकी के पास भेजा गया तो टंकी में कीटनाशक की खुली शीशी दिखाई दी।
पुलिस से जांच की मांग
प्रधानाध्यापिका ने तत्काल ग्राम प्रधान राम ललित और उच्चाधिकारियों को सूचित किया। मौके पर पहुंची घोरावल थाने की डायल 112 की टीम ने विद्यालय के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से पूछताछ की। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार शाम पड़ोस के एक व्यक्ति से चौकीदार में विवाद हो गया था।