ओबरा। ओबरा परियोजना कालोनी के सेक्टर तीन में शुक्रवार की दोपहर तीन वर्षीय बालक की घर में बनी पानी टंकी में डूबने से मौत हो गई।
परियोजना में क्लर्क पद पर कार्यरत श्रीराम ड्यूटी गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी, मां और उनका पुत्र अनुपम (3) सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। घर के बाहर कुछ निर्माण हो रहा था जिसके कारण अनुपम की दादी सहित कुछ लोग घर के बाहर मौजूद थे। अनुपम की मां किसी अन्य कमरे में मौजूद थी। दोपहर में अनुपम गेंद के साथ खेल रहा था। खेलते खेलते गेंद आंगन में मौजूद पानी की टंकी में चली गयी। टंकी में लगी टोटी पर चढ़कर अनुपम जब गेंद निकालने प्रयास कर रहा था कि इसी दौरान वह तीन फीट गहरी पानी की टंकी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। इस बीच बाहर बंधी गाय को पानी पिलने के लिए अनुपम की दादी टंकी से पानी लेने गई तो उसे अनुपम डूबा हुआ मिला। परिजन अनुपम को परियोजना चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।