केकराही। करमा थाना अंतर्गत इमामबाड़े के पास शुक्रवार को आटो व कार में टक्कर हो गई। घटना में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सवार तीन व्यक्ति घायल हो गए। घायलों का उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदशियों के मुताबिक ऑटो सवार राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के हिन्दुआरी से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) जा रहे थे। विपरीत दिशा से कार आ रही थी। इमामबाड़ा के पास दोनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस घटना में ऑटो सवार बहादुर (65), ज्योति मौर्य (35) पत्नी सुनील मौर्य, श्रेया (15) पुत्री सुनील मौर्या, अंश (13) पुत्र सुनील मौर्या सभी निवासी रानीतारा घायल हो गए। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के केकराही ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देख बहादुर और ज्योति को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। श्रेया और अंश को हल्की चोटें आई थी, जिसे उपचार के बाद छुट्टी कर दी गई। हालत गंभीर होने के कारण बहादुर की मौत अस्पताल जाते समय ही रास्ते में हो गई। सूचना पर करमा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल ज्योति का उपचार जिला अस्पताल लोढ़ी में चल रहा है।