अनपरा नगर के डिबुलगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ घायल युवक अस्पताल में स्वयं से इलाज कर रहे हैं और वहां कोई भी मेडिकल स्टाफ मौजूद नही है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कुछ घायल युवक संयुक्त चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे और खुद से ही मरहम- पट्टी करने लगे। वायरल वीडियो दो अक्तूबर की शाम पांच बजे का बताया जा रहा है।
वीडियो में बताया जा रहा है कि अस्पताल की इमरजेंसी में कोई भी डॉक्टर मौजूद नही रहते हैं। इसी कारण कई घायल मरीज डॉक्टर के उपस्थित ना होने के कारण निजी अस्पतालों में चले जाते हैं। हालांकि अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
इस संबंध में संयुक्त चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. रवि प्रताप ने बताया कि घटना दो अक्टूबर की है। उस दिन अस्पताल में सिस्टर डिलेवरी करा रही थी और कुछ युवक आए और सिस्टर को धक्का देते हुए अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चले गए और खुद से मरहम पट्टी करके चले गए।
इस बीच सिस्टर ने पुलिस और मुझे सूचना दी थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में अनपरा प्रभारी निरीक्षक को वीडियो के साथ लिखित शिकायत दी गई थी। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।