रामगढ़। कोराना वायरस का खौफ अब सामान्य जुकाम-खांसी को लेकर भी लोगों को अलर्ट करने लगा है। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में पूना से लौटे एक युवक को खांसी और सांस फूलने की शिकायत हुई तो गांव के लोगों ने पुलिस और राज्य हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर कोरोना वायरस पीड़ित होने की सूचना दे दी। सोमवार को पहुंची स्वास्थ्य टीम ने संबंधित व्यक्ति के प्राथमिक जांच के बाद उसे मौसमी वायरल पीड़ित होने और कोरोना का लक्षण न होने की जानकारी दी, तब जाकर ग्रामीणों के जान में जान आई।
शिवपुर निवासी बाबूलाल (25) पुत्र शंकर कुछ माह पूर्व पूना काम करने गया था। रविवार को वह अपने घर लौटा तो ग्रामीणों ने देखा कि उसे खांसी आ रही है और सांस फूलने के भी लक्षण हैं। यह देख ग्रामीणों ने देर शाम पन्नूगंज पुलिस और राज्य सरकार की तरफ से जारी हेल्प लाइन नंबर पर सूचना देकर कोरोना वायरस पीड़ित होने की शंका जताई। रात में कोई टीम नहीं पहुंची तो ग्रामीणों में इसको लेकर रोष का माहौल बना रहा। सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ केंद्र तियरा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. रोहित सिंह की अगुवाई वाली चिकित्सकीय टीम शिवपुर पहुंचे, तब ग्रामीणों की नाराजगी खत्म हुई। उन्होंने खांसी पीड़ित बाबूलाल की औपचारिक रूप से जांच की। बताया कि यह वायरल का असर है। कोरोना का इससे कोई लेना-देना नहीं है। उसे साफ-सफाई, जरूरी एहतियात बरतते रहने के प्रति जागरूक किया गया।
रिपोर्ट का इंतजार, संदिग्ध पर चिकित्सक रख रहे नजर
सोनभद्र। रेणुसागर में कोरोना के शक में एक ही परिवार के चार व्यक्तियों की निगरानी दूसरे दिन सोमवार को भी जारी रही। सीएमओ एसके उपाध्याय ने बताया कि अभी रिपोर्ट नहीं आई है। चारों व्यक्तियों को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। बता दें कि रेणुसागर पावर डिवीजन के कर्मचारी, पत्नी बच्चों के साथ नेपाल गए थे। वहां से दा मार्च को लौटे थे। रविवार को उस कर्मचारी ने हेल्पलाइन पर फोन कर खुद को कोरोना वायरस से पीड़ित होने की आशंका जताई। इसके बाद उसे, उसकी पत्नी और उसे दो बच्चों को चिकित्सकीय निगरानी में ले लिया गया।