मेडिकल कॉलेज के सी ब्लॉक में डिजिटल एक्सरे ऑपरेशन थिएटर और सेंट्रल स्टोर का किया गया उद्घाटन। फ
सोनभद्र। मेडिकल कॉलेज में शनिवार को बहुप्रतीक्षित डिजिटल एक्सरे सेवा का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य आनंद कुमार ने ब्लॉक सी के पहले तल पर स्थापित नए एक्सरे केंद्र की शुरुआत की। इसके साथ ही ब्लॉक सी में ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और सेंट्रल स्टोर का भी उद्घाटन किया गया। इन नई सुविधाओं से मरीजों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सेवा मिल सकेगी। प्राचार्य आनंद कुमार ने कहा कि डिजिटल एक्सरे से मरीजों को बेहतर छवि वाली रिपोर्ट मिलेगी और विकिरण भी कम होगा। फाइलों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकेगा और जरूरत पड़ने पर डॉक्टरों से तत्काल साझा किया जा सकेगा। सर्जरी विभाग की ओटी को मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण ब्लॉक बी से ब्लॉक सी में स्थानांतरित किया गया है। यहां चार ऑपरेशन कक्ष सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मेडिकल कॉलेज की दवाओं का भंडारण भी एक ही जगह सुनिश्चित किया गया है ताकि किसी विभाग को दवा की उपलब्धता में दिक्कत न हो। इस अवसर पर कई विभागाध्यक्ष और नोडल अधिकारी मौजूद रहे।