अवधूत भगवान राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में देशपांडेय फाउडेंशन एमसीआईआईई और आईआईटी बीएचयू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित लीडरशिप एंड स्किल डेवलपमेंट विषयक कार्यशाला के परिप्रेक्ष्य में बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
सुबह विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों की बैठक ली गई और नेतृत्व क्षमता और कौशल विकास के बारे में जरूरी जानकारियां दी गईं। उनसे बेहतरी के लिए सुझाव भी लिए गए। प्राचार्य डा. पूनम सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में नेतृत्व क्षमता होती है और किसी न किसी क्षेत्र से जुड़ा कौशल विद्यमान होता है।
बस जरूरत है कि उसे पहचानने की और निखारने की। उन्होंने सेवाभाव को प्राथमिकता देने की सीख देते हुए कहा कि मौजूदा परिवेश को देखते हुए रोजगारपरक शिक्षा पर ध्यान देना जरूरी है।
दोपहर बाद विद्यालय से जुड़े लाइफ क्लब के बैनर तले विद्यार्थियों ने बिछड़ी गांव जाकर सौ गरीब परिवारों को गर्म कपड़ों का वितरण किया। वहीं दूसरों से गरीबों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान भी किया। टीम का निर्देशन दिलीप कुमार पांडेय, राजकुमार विश्वकर्मा, पृथ्वी पाल, डा. चंद्रशेखर तिवारी ने किया।