लोढ़ी विकास भवन में विभिन्न मांगो को लेकर प्रदर्शन करते रोजगार सेवक संघ।
उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग को लेकर गुरुवार के ग्राम रोजगार सेवक संघ (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले घोरावल ब्लॉक के ग्राम रोजगार सेवकों ने विकास भवन के मुख्यद्वार पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कई प्रधानों पर चहेते लोगों से कार्य कराने का आरोप लगाया। पंचायत मित्रों ने मुख्य विकास अधिकारी को मांगपत्र सौंप कर समस्याओं को दूर करने की मांग की।
दोपहर करीब एक बजे जिलाध्यक्ष विनय कुमार पांडेय की अगुवाई में पंचायत मित्रों ने विकास भवन के मुख्यद्वार पर प्रदर्शन किया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि घोरावल ब्लॉक के रोजगार सेवकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। अधिकांश प्रधान पंचायत मित्रों से काम कराने के बजाय अपने सहयोगियों से ग्राम पंचायत का काम करा रहे है।
खंड विकास अधिकारी कार्यालय से पंचायत मित्रों को मस्टरोल देने के बजाय प्रधान के सहयोगियों को दे दिया जा रहा है। इसकी शिकायत बीडीओ से की गई, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में रोजगार सेवकों को मानदेय नहीं मिल रहा है और उनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर संतोष यादव, वेदप्रकाश, मेराज अहमद, प्रमोद, सुरेश मौर्य, दयाशंकर, विनोद, प्रेमनाथ, राकेश आदि रहे।