सोनभद्र। देश में जिस रफ्तार से कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। उसी गति से कोरोना से बचाव के लिए सरकार ने लोगों को कोविड वैक्सिन लगवाने की तैयारी की है। जिले में ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाने की कवायद चल रही है। जिले में संभावना है कि मंगलवार से 18 से 44 साल तक के लोगों को टीका लगना शुरू हो जाएगा। वैक्सीन लगवाने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। स्वास्थ्य विभाग ने 52 केंद्रों पर टीकाकरण कराने की तैयारी की है।
बता दें कि गत दिनों सरकार ने 18 वर्ष से अधिक एवं 45 वर्ष से कम उम्र के लोगों को भी टीका लगाने से संबंधित निर्देश दिए गए थे। लेकिन वैक्सीन की उपलब्धता पर्याप्त न होने के कारण सभी जनपदों में टीका नहीं लगाया जा रहा था। अब उपलब्धता होने की पूरी उम्मीद है। जिले में भी मंगलवार से 18 से 44 साल तक के उम्र वालों को टीका लगाने की उम्मीद जतायी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए तैयारी भी कर लिया है। यदि वैक्सीन पर्याप्त संख्या में मिली तो जिले में सभी 52 केंद्रों पर टीकाकरण कराया जाएगा। इस उम्र के लोगों को टीका लगवाने से पहले कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी होगी। उसके बाद जो तिथि मिलेगी, उसी तिथि पर पहुंच कर टीकाकरण कराना होगा। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों की मानें तो अभी 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों को टीका लगाया जा रहा है। उन्हें कोवाक्सीन और कोविशिल्ड दोनों तरह की वैक्सीन लग रही है। शनिवार को कोविशिल्ड की करीब डेढ़ हजार ज्यादा डोज जिले के लिए मिली। शासन स्तर से अब 18 से 44 वर्ष तक के उम्र वालों के टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। कहा गया है कि सभी जिले इसकी तैयारी कर लें। जैसे ही वैक्सीन मिलेगी टीकाकरण शुरू करा दिया जाएगा। कुछ जनपदों को शुक्रवार की शाम तक स्लाट मिल गई। जिले को भी शनिवार की रात तक या रविवार की सुबह तक स्लाट मिलने की उम्मीद है। उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसके चतुर्वेदी ने बताया कि मंगलवार से टीकाकरण की संभावना है। जल्द ही वैक्सीन मिलने वाली है।
इनसेट--
पंजीयन कराने वालों को ही लगेगा टीका
सोनभद्र। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो 18 से 44 साल के लोगों को टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। सरकार की तरफ से जारी कोविन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। जो पंजीकरण कराएगा उसे ही टीका लगाया जाएगा। जैसे ही वैक्सीन आएगी तो पोर्टल खोल दिया जाएगा। उसे खोलकर जहां टीकाकरण कराना होगा वहां के लिए पंजीकरण कराना होगा। उसमें समय, स्थान आदि का जिक्र करना होगा।