मारपीट व बंधक बनाने का पीड़ित अमित पटेल।
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के शीतला मंदिर चौक के पास से एक युवक को बाइक सहित अगवा कर कपड़े के शोरूम पर ले जाकर पिटाई करने और फिर घंटों बंधक बनाकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। प्रकरण लेन-देन के विवाद से जुड़ा है। पीड़ित का आरोप है कि उसे करीब आठ घंटे तब बनाए रखा गया। रस्सी से बांधकर पिटाई की गई। चोटों पर नमक रगड़ा गया। राॅबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभिषेक और दिलीप सहित पांच के नाम प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ऐलाही गांव निवासी अमित पटेल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि छह महीने पहले उसने नई बाजार इलाके के निसरौलिया निवासी दिलीप पटेल के माध्यम से मेन चौक-धर्मशाला चौक पास कपड़े का शोरूम चलाने वाले अभिषेक से 1.35 लाख रुपये उधार लिया था। इसके बदले उससे स्टांप पर लिखवाने के साथ चेकबुक पर हस्ताक्षर करवाए गए थे। बताया कि चार महीने पहले उसकी कार अभिषेक ले गया और उससे कोतवाली क्षेत्र के पलिया कला में एक युवक को अगवा कर उसके साथ मारपीट की। उस मामले में कार राॅबर्ट्सगंज पुलिस ने जब्त कर ली।
कार मालिक होने के नाते वह भी आरोपी बन गया। 21 अप्रैल की सुबह आठ बजे वह जरूरी काम से राॅबर्ट्सगंज के मेन चौक पर आया था। आरोप है कि उसी समय अभिषेक और दिलीप पांच अन्य लोगों को लेकर पहुंचे और उसे बाइक सहित जबरन अपने साथ ले गए। लगभग दो घंटे तक कपड़े के शो रूम पर रखकर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसे निसरौलिया खेत पर स्थित फार्म हाउस ले जाया गया। वहां एक कमरे वाले मकान में उसे शाम पांच बजे तक रस्सी से बांधकर पिटाई की गई। शर्ट-पैंट उतरवाकर चोटों पर नमक रगड़ा गया। जबरिया शराब पिलाई गई। पीड़ित का दावा है कि उसकी एक वीडियो भी बनाई गई और कहीं इसकी सूचना देने पर उसे वायरल करने की धमकी दी गई। माता-पिता को फोन कर तीन लाख रुपये लेकर आने को कहा गया। माता-पिता नई बाजार पहुंचे तो कहा गया कि अमित अब उनसे राॅबर्ट्सगंज में मिलेगा। उससे कहा गया कि 24 घंटे में रुपये दो वरना महंगा पड़ेगा। किसी तरह वह वहां से मुक्त होकर आया और मामले की तहरीर प्रभारी निरीक्षक को सौंपने के साथ ही पुलिस लाइन भी पहुंचकर गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच और प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।