सोनभद्र। साइबर अपराधियों ने हाईकोर्ट की वेबसाइट पर उपलब्ध जिला जज की प्रोफाइल फोटो और नाम का दुरुपयोग करते हुए दो मोबाइल नंबरों से फर्जी व्हाट्सएप बनाया। इसके जरिये अधिवक्ताओं एवं अन्य व्यक्तियों को भ्रम में डालने वाले मेसेज भेजे। जैसे ही प्रकरण की जानकारी जिला जज के पास पहुंची, मामले में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई। सदर मुंसरिम की तहरीर पर मामला दर्ज करते हुए सदर कोतवाली पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
सदर मुंसरिम महेंद्र प्रताप सिंह की तरफ से कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया गया है कि किसी ने हाईकोर्ट की वेबसाइट पर उपलब्ध जिला जज की प्रोफाइल फोटो और नाम का दुरुपयोग करते हुए दो मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते हुए फर्जी व्हाट्सएप एकाउंट बनाया। उस फर्जी एकाउंट के जरिये अधिवक्ताओं व अन्य व्यक्तियों को भ्रामक संदेश भेजे। उनसे धनराशि की मांग की। जैसे ही मामला जिला जज के संज्ञान में आया प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। सदर मुंसरिम ने दी तहरीर में कोतवाली पुलिस से समुचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच सुनिश्चित करने के लिए कहा। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के मुताबिक बीएनएसए और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।