बभनी। बीते बुधवार को बहेराडोल के मामले में पत्रकारों के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर शनिवार को प्रतिनिधि मण्डल पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र से मिला। प्रतिनिधिमण्डल ने बभनी के पत्रकारों के साथ हुए दुर्व्यवहार की शिकायत की और जिम्मेदार थाना प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाना क्षेत्र के बहेराडोल गांव में बुधवार को ग्रामीण सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन कर रहे थे। परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने तहरीर बदलकर मामले में लीपापोती की है। आरोप है कि इस दौरान खबर संकलन करने के लिए पहुंचे पत्रकारों से प्रभारी निरीक्षक ने दुर्वयवहार किया और पत्रकारों के खिलाफ मुकदमा लिखने तक की धमकी दी। क्षेत्रीय पत्रकारों ने मामले की शिकायत प्रदेश के मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक, पुलिस अधीक्षक सहित प्रेस क्लब को लिखित रूप से किया। शनिवार को जनचौपाल व क्षेत्र भ्रमण के लिए पहुंचे पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल पीयूष श्रीवास्तव से पत्रकारों का प्रतिनिधि मण्डल मिला और प्रकरण से अवगत कराया। आईजी ने तत्काल प्रभारी निरीक्षक को मामले में इसमें फटकार लगायी और एडिशनल एसपी से मामले की जांच कराने व कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान कई पत्रकार मौजूद रहे।