यूपी-बिहार को जोड़ने के लिए चांचीकला मझिगंवा में सोन नदी पर बन रहे पुल का निर्माण फिर अटक गया है। मजदूरी का भुगतान न होने से क्षुब्ध मजदूरों ने काम ठप कर दिया है। पुल का निर्माण अंतिम चरण में है। ऐसे में काम रुकने से कार्यदाई संस्था की मुश्किलें बढ़ गई हैं। संस्था को पहले भी कई बार काम समय से कराने की मोहलत दी जा चुकी है। समय सीमा में भी दो बार वृद्धि की गई है।
सोन नदी में 142 करोड़ की लागत से पीडब्ल्यूडी पुल का निर्माण करा रहा है। पिछले छह वर्षों से निर्माणाधीन पुल को पहले 2021 तक ही पूरा करना था। बाद में मार्च 2022 तक की समय सीमा तय की गई। फिर जून 2022 तक हर हाल में पुल निर्माण करने का लक्ष्य रखा गया था। आधा सितंबर बीतने को है लेकिन पुल का काम अधूरा है। अब मजदूरों ने भी मजदूरी का भुगतान न होने पर काम रोक दिया है।
ग्राम प्रधान इश्तियाक अली ने बताया कि क्षेत्र के दर्जनों मजदूर व ठेकेदार पुल निर्माण में वर्ष 2018 से काम कर रहे हैं, मगर आज तक कंपनी ने फाइनल मजदूरी नहीं दिया। इससे नाराज मजदूरों व ठेकेदारों ने चौकी इंचार्ज को आवेदन देते हुए छह माह से बकाया मजदूरी दिलाने की मांग करते हुए काम बंद कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से पुल निर्माण कार्य बंद चल रहा है। मजदूर कन्हैया, अजीत शर्मा, केदार शर्मा, दयाराम, इश्तियाक, अंसार अहमद ने पुल निर्माण करा रहे प्रोजेक्ट मैनेजर पर बकाया मजदूरी का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक पूरी मजदूरी नहीं मिलेगी निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।