रेणुकूट। रिहंद बांध के पास मां वन देवी के मंदिर के पास शुक्रवार को दोपहर बाद ट्रक और हाइवा के टक्कर में ट्रक के खाई में जाने और चार लोगों की मौत ने एक बार फिर लोक निर्माण विभाग की लापरवाही को उजागर कर दिया है।
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर स्थित मां वन देवी मंदिर के पास दुर्घटना कोई नहीं बात नहीं है लेकिन यहां लोक निर्माण विभाग की लापरवाही है कि अब तक न तो सड़क के किनारे रेलिंग बनवाई गई और न ही दुर्घटना से बचाव के लिए संकेतक लगाया गया है। घुमावदार रास्ता होने के नाते यहां अक्सर लापरवाही में हादसे होते रहते हैं। यदि मंदिर के इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और किनारों पर रेलिंग लगवा दी जाती तो शायद शुक्रवार को हादसे में खाई में ट्रक न गिरता। स्थिति यह है कि एक युवक का शव ट्रक से गिरकर पेड़ पर लटक गया है जिसे उतारना काफी मुश्किल है।
अब तक उस मृतक की शिनाख्त तक नहीं हो सकी है। पिपरी थाना पुलिस पेड़ पर लटके शव को उतरवाने का प्रयास कर रही है, लेकिन घटना के करीब तीन घंटे बाद तक शव को पेड़ से उतारा नहीं जा सका है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि हाथीनाला से लेकर अनपरा तक लोक निर्माण विभाग की ओर से अति दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र चिन्ह्ति तो किया गया है लेकिन उसे रोकने के उपाय नहीं किये गए हैं और न ही संकेतक लगाए गए हैं। इससे जिले की अधिकतम दुर्घटनाएं इसी मार्ग पर होती हैं।