फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे मिले तो लेखपाल जिम्मेदार

विज्ञापन
पन्नूगंज थाना परिसर में समाधान दिवस पर समस्या सुनते डीएम और एसपी। - फोटो : SONBHADRA
विज्ञापन
सोनभद्र। थाना समाधान दिवस में शनिवार को पन्नूगंज पहुंचे डीएम-एसपी के तेवर तल्ख रहे। विवादों के निस्तारण में सुस्ती पर अफसरों ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी लेखपालों को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्र में सभी अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट प्रेषित करें। पन्नूगंज थाने में पहुंची शिकायतों को डीएम टीके शिबू व एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने गंभीरता से सुना। राजस्व और पुलिस विभाग के कर्मचारियों को समन्वय बनाकर सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जल्द ही गांवों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान किसी भी ग्राम सभा में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया तो संबंधित लेखपाल व कानूनगो की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने इस दौरान थाने में निर्माणाधीन विवेचना कक्ष, आरक्षी बैरक का निरीक्षण किया। बैरक निर्माण में प्रयुक्त ईंटों की गुणवत्ता ठीक न होने पर नाराजगी जताई। कार्य में गुणवत्ता पर निगरानी रखने का निर्देश दिया। थाना समाधान दिवस में सीओ पन्नूगंज राहुल पांडेय, एसओ राजेश सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, सदर कोतवाली में सीओ राजकुमार तिवारी, कोतवाली प्रभारी सत्यनारायण मिश्र ने फरियादियों की शिकायतें सुनी। कुल 14 में नौ प्रार्थना पत्र राजस्व से जुड़े रहे। टीम बनाकर उसके निस्तारण का निर्देश दिया गया। मौके पर छह मामलों का निपटारा हुआ। बीजपुर: थाना परिसर में समाधान दिवस में तहसीलदार दुद्धी ज्ञानेंद्र कुमार यादव की अध्यक्षता में सुनवाई हुई। बीजपुर-रेनुकूट सड़क मार्ग के उत्तर पटरी पर अवैध निर्माण से जुड़ी शिकायत पर तहसीलदार ने मौका मुआयना कर सोमवार तक दोनों पक्षों को अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा। तब तक के लिए निर्माण कार्य बंद करा दिया। बीजपुर बाजार में अग्रवाल धर्मशाला के सामने नाली का पानी बहने पर तहसीलदार ने तत्काल भवन स्वामी को फोन पर कड़ी हिदायत दी। एक सप्ताह में पानी निकासी का समुचित इंतजाम न करने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक भैया एसपी सिंह, लेखपाल संतोष यादव, राघवेंद्र आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें