सोनभद्र। जिले के 21 थाना क्षेत्रों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार से आरंभ होगा। अलग-अलग तिथियों पर प्रतिमा विसर्जन के लिए 40 स्थान चिह्नित किए गए हैं। सबसे ज्यादा प्रतिमाएं धंधरौल और रिहंद जलाशय में विसर्जित की जाएंगी। विसर्जन स्थलों पर प्रकाश, बैरिकेडिंग के साथ गोताखोरों की व्यवस्था कराई गई है। पुलिस-प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट भी नामित किए गए हैं।
सबसे ज्यादा राॅबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में 76 स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। यहां की ज्यादातर प्रतिमाओं का विसर्जन 13-14 को धंधरौल बांध, बलुई बंधी और बेलन नदी में होना है। इसके अलावा छोटी प्रतिमाएं गांवों के तालाबों में विसर्जित की जाएंगी। चोपन में 21, करमा में 30, पन्नूगंज में 46, शाहगंज में 29 स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इनके विसर्जन के लिए भी अलग-अलग स्थान चिह्नित हैं। दुर्गा पूजा के समापन के बाद शनिवार से विसर्जन शुरू हो जाएगा। इसके मद्देनजर प्रशासन की ओर से सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाता रहा। विसर्जन स्थलों पर प्रकाश, जनरेटर, बैरिकेडिंग के अलावा गोताखोर भी लगाए गए हैं। धंधरौल बांध, शिवाजी तालाब, दुद्धी, कोहरैल, रिहंद शक्तिनगर, रिहंद बीजपुर, रिहंद पिपरी, डोंगिया जलाशय सुकृत सहित अन्य शामिल हैं।