मच्छर जनित रोगों पर अध्ययन के लिए भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के वैज्ञानिकों की टीम ने रविवार को बसुहारी और पनौरा में शिविर लगाया।
इस दौरान उन्होंने लोगों की जांच की और मच्छर जनित रोगों के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। इसके अलावा टीम के लोगों ने ग्रामीणों के खून का सैंपल लेने के साथ ही उनके वजन ऊंचाई और बीपी की भी जांच की।
आईसीएमआर की टीम ने रविवार को बसुहारी और पनौरा में शिविर लगाया। शिविर में 112 लोग पहुंचे। जिनमें 60 मरीजों के खून की जांच हुई। जांच में एक मरीज मलेरिया पीवी पॉजिटिव मिला। टीम ने मच्छरों के पनपने और अन्य चीजों के बारे में जानकारी जुटाई।
आईसीएमआर गोरखपुर के वैज्ञानिकों में सीनियर वैज्ञानिक डॉ. गौरवराज द्विवेदी, डॉ.नलिनी मिश्रा, डॉ.बृजरंजन मिश्र, डॉ.आयुष मिश्रा, रविशंकर सिंह, तकनीशियन शशिकांत तिवारी, कीट संग्राहक सूर्य प्रताप शामिल रहे। इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी डीएन श्रीवास्तव ने बताया कि वैज्ञानिकों की टीम सर्वे करके और पूरी तहकीकात के बाद ही रोग से बचाव के उपाय सुझाएगी।