बीजपुर थाने पर मौजूद परिजन और मृतिका खुशबू की फाइल फोटो।
बीजपुर। थानाक्षेत्र के सिरसोती गांव के टोला पुनर्वास में रविवार की रात खुशबू (22) का शव फंदे से लटकता मिला। एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष के दावों पर संदेह जताया है। नधिरा निवासी रामचंदर की बेटी खुशबू (22) की शादी करीब एक साल पहले सिरसोती के टोला पुनर्वास निवासी सोनू कुमार भारती के साथ हुई थी। पति के अनुसार रविवार की रात करीब 8 बजे वह पत्नी से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला। वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने और खटखटाने के बाद भी काफी देर तक कोई उत्तर न मिलने पर घर के ऊपर चढ़ कर देखा तो पत्नी रस्सी के सहारे फंदे से लटक रही थी। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पीआरवी 112 की मदद से फंदे से उतारकर आनन-फानन धनवंतरी चिकित्सालय ले गए, जहां मौजूद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पुलिस पंचनामा कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भिजवा दिया। खुशबू की मां शांति देवी ने बताया कि दिन में बेटी से बात हुई थी। रविवार की रात करीब 2 बजे फोन आया कि खुशबू ने फंदा लगा लिया है। वह आठ महीने की गर्भवती थी। बच्चे के जन्म को लेकर उत्साहित भी थी। मौत किन हालात में हुई, समझ से परे है। थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीजपुर थाने पर मौजूद परिजन और मृतिका खुशबू की फाइल फोटो।